गुजरात में परिवार की तीन सदस्यों ने एक साथ की ‘आत्महत्या’, आख़िर हुआ क्या?
गाँव शहर की नई बातें — विशेष रिपोर्ट: वडोदरा के चार दरवाज़ा इलाक़े में स्थित डाला पटेल पोल में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या कर ली है. पोल में स्थित एक बंद घर में मां, उनके छोटे बेटे और बेटी के शव मिले.
वडोदरा में बीबीसी न्यूज़ गुजराती के सहयोगी पत्रकार हार्दिक का कहना है कि 50 वर्षीय आरतीबेन सोनी, उनके 23 वर्षीय बेटे नीलकंठ सोनी और 20 वर्षीय बेटी झलक सोनी को पिछले दो दिनों से घर से बाहर निकलते हुए नहीं देखा गया था.
मुख्य विवरण एवं घटनाक्रम
हार्दिक के अनुसार, घर के आसपास रहने वाले लोगों और रिश्तेदारों को संदेह होने लगा था, क्योंकि घर लगातार अंदर से बंद रहता था.
स्थानीय लोगों ने परिवार के रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद बुधवार (28 अक्तूबर) को उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. पुलिस ने अब इस बात की जांच शुरू कर दी है कि परिवार के इन तीन सदस्यों ने ऐसा क़दम क्यों उठाया.
जमीनी पड़ताल व जनहित पर प्रभाव
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
एक साल पहले परिवार के मुखिया चेतनभाई सोनी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. पिता की मौत के बाद कनाडा में पढ़ाई कर रहे उनके बेटे नीलकंठ भी वडोदरा लौट आए थे.
यह परिवार जूना पादरा रोड पर आयुर्वेदिक दवाओं का कारोबार करता था. लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि आर्थिक रूप से संपन्न माने जाने वाले इस परिवार को इतना बड़ा क़दम उठाना पड़ा?
परिवार के इस क़दम से उनके रिश्तेदार भी सदमे में हैं. परिजनों को अब भी यक़ीन नहीं है कि परिवार ने ऐसा क़दम उठाया है. रिश्तेदारों का कहना है कि चेतनभाई की मौत के बाद परिवार ने बहुत हिम्मत दिखाई थी.
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
इस खबर पर सबसे पहले अपनी राय साझा करें और चर्चा शुरू करें!